कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में हड़कंप, पेट दर्द और उल्टी से 15 छात्राएं बीमार

Follow Us

कवर्धा। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक के बाद एक कई छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद करीब 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिली, जिसके बाद छात्रावास प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने तत्काल सभी बीमार छात्राओं को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर कर भर्ती कराया। वहीं, अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल छात्राओं की लगातार निगरानी की जा रही है और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। छात्रावास में सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी एहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं।