गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई और राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार फिंगेश्वर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन ने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि शिक्षा का बढ़ता बाजारीकरण छात्रों के भविष्य और देश के हित के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की अपील की।
