मुंबई। ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का खिताब जीतने के बाद अविनाश मिश्रा की निजी जिंदगी भी चर्चा में आ गई है। जीत के बाद हुई सेलिब्रेशन पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अविनाश ईशा सिंह के प्रति अपने प्यार का इजहार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह ईशा के अपनी जिंदगी में होने को लेकर खुद को खुशकिस्मत बताते हैं और उन्हें “आई लव यू बेबी” कहते हैं। इसके जवाब में ईशा भी मुस्कुराते हुए “आई लव यू टू” कहती दिखाई देती हैं। वीडियो सामने आने के बाद फैन्स दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही पुरानी चर्चाओं को और हवा मिल गई है।
हालांकि, दोनों के रिश्ते को लेकर अभी पूरी तरह तस्वीर साफ नहीं है। एक दूसरे वीडियो में अविनाश खुद को सिंगल बताते हुए ईशा को अपना अच्छा दोस्त कहते नजर आए। दोनों की नजदीकियां ‘बिग बॉस 18’ के दौरान चर्चा में आई थीं। शो में उनकी बॉन्डिंग और एक-दूसरे के लिए सपोर्ट को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। शो खत्म होने के बाद भी दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए, लेकिन उन्होंने कभी सार्वजनिक तौर पर अपने रिश्ते को डेटिंग के रूप में स्वीकार नहीं किया। यही वजह है कि नया वीडियो फैन्स के लिए खास बन गया है।
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के फिनाले में अविनाश ने ऋत्विक धनजानी और ऑरी को पीछे छोड़कर ट्रॉफी अपने नाम की। उन्हें विजेता के तौर पर 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और कार भी मिली। जीत के बाद ईशा के साथ उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें दोनों साथ नजर आए। इसके बाद पार्टी में दोस्तों के कहने पर अविनाश ने ईशा के लिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। हालांकि बाद में उन्होंने वहां मौजूद लोगों से वीडियो पोस्ट न करने की बात कही थी, लेकिन क्लिप सोशल मीडिया तक पहुंच गई। अब फैन्स इसे दोनों के रिश्ते के संकेत के तौर पर देख रहे हैं, जबकि अविनाश का खुद को सिंगल बताना इस मामले को अभी भी सस्पेंस में रखता है।

