48 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मामला, 99,100 रुपये नकद समेत मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल जब्त
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में असिस्टेंट प्रोफेसर के अपहरण और ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चाकू की नोक पर प्रोफेसर को धमकाकर उनके मोबाइल का पासवर्ड और यूपीआई की जानकारी हासिल की थी। इसके बाद क्यूआर कोड के जरिए रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कराई गई। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर 2026 की शाम पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में हुई। ग्राम जकेला निवासी 47 वर्षीय कपूर चंद गुप्ता राइस मिल के पास सड़क किनारे आराम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया और सुनसान स्थान पर ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू दिखाया तथा जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को मोटरसाइकिल से दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की और मोबाइल का पासवर्ड, गूगल पे तथा भीम यूपीआई की जानकारी हासिल कर ली। आरोप है कि उन्होंने एक महिला के खाते का क्यूआर कोड मंगवाकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ट्रांसफर कराई। परिजनों को संदेह न हो, इसके लिए पीडि़त से फोन पर सामान्य बातचीत भी कराई गई।
पंडरीपानी में बनाया बंधक
आरोपियों ने प्रोफेसर को थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा था। बातचीत के दौरान परिजनों को संदेह हुआ, जिसके बाद वे तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी पीडि़त को छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रोफेसर को सकुशल मुक्त कराया।
तीन दिन पहले रची थी साजिश
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर 3 अक्टूबर को ही अपहरण कर रकम ऐंठने की योजना बनाई थी। इसके बाद 5 अक्टूबर को वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एएसपी अनिल सोनी और थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सबसे पहले सुनील सारथी को घटना के 24 घंटे के भीतर सारंगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत और ग्राम औरदा निवासी दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार किया गया।
नकदी और वारदात में प्रयुक्त सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 99,100 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और डिजिटल लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
