अमृतसर में ASI की गोली मारकर हत्या, रात में गश्त के दौरान हमलावरों ने की फायरिंग; मचा हड़कंप

Follow Us

अमृतसर । अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह की गुरुवार रात 2.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना गेट हकीमां में तैनात हरजीत सिंह दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए हैं।

एएसआई हरजीत सिंह की मौत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से परिवार को एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त बीमा राशि दी जाएगी। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शहीद एएसआई को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ने में लगी है। एएसआई की हत्या से पंजाब पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है।