नई दिल्ली। नीट (NEET) परीक्षा को लेकर जारी चर्चाओं के बीच ग्लोबल पीस इनिशिएटिव के संस्थापक डॉ.के.ए.पॉल ने अभ्यर्थियों से भावुक अपील की है। उन्होंने छात्रों से कहा कि, परीक्षा के दबाव या परिणाम को लेकर कोई भी ऐसा कदम न उठाएं, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो। डॉ.पॉल ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, किसी भी परीक्षा में सफलता या असफलता जीवन से बड़ी नहीं हो सकती। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपनी मेहनत व क्षमता पर भरोसा रखने की सलाह दी।
अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि, शुरुआती जीवन में असफलताओं के बावजूद उन्होंने आगे बढ़कर सफलता हासिल की। वहीं, डॉ.पॉलने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में कथित खामियों और छात्रों की समस्याओं के समाधान में देरी का आरोप लगाते हुए मंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से भी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की अपील की। डॉ.पॉल ने अभिभावकों और शिक्षकों से कहा कि वे परीक्षा के तनाव से जूझ रहे छात्रों का साथ दें और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
