नई दिल्ली। दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर सह-पायलट द्वारा चाकू से किए गए हमले की घटना के बाद भारत में भी विमानन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बढ़ गई है। घटना के मद्देनजर देश में विमानन सुरक्षा से जुड़े मौजूदा प्रबंधों और कार्यप्रणाली की समीक्षा किए जाने की संभावना है। फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड 1073 में बुधवार को हुई इस घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।
नागरिक उड्डयन सचिव समीर सिन्हा ने कहा है कि सरकार इस मामले का सुरक्षा के दृष्टिकोण से आकलन कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत इस घटना की जांच कर रहा है और इसके सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। यदि किसी तरह की सलाह या अतिरिक्त कदम की आवश्यकता महसूस होती है तो इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।
संभावित समीक्षा में विमानन सुरक्षा से संबंधित मौजूदा मानक संचालन प्रक्रियाओं को शामिल किया जा सकता है। विशेष रूप से संवेदनशील मार्गों पर उड़ान के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और विमान में सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती जैसे उपायों पर भी विचार किया जा सकता है। इसके साथ ही विमानन सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों और एजेंसियों की जिम्मेदारियों की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है। इसमें विमानन कंपनियों के साथ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की भूमिका शामिल हो सकती है।
राजनीतिक कुण्ठा से ग्रस्त कांग्रेस अब विकास योजनाओं को लेकर भी भ्रम फैला रही : शिवनारायण पाण्डेय
घटना ने विमान के कॉकपिट के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में यह जांचा जा सकता है कि कॉकपिट के भीतर से उत्पन्न होने वाली इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए मौजूदा सुरक्षा प्रबंध पर्याप्त हैं या उनमें किसी बदलाव अथवा अतिरिक्त उपाय की आवश्यकता है।फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई घटना के दौरान सह-पायलट ने भारतीय कप्तान स्मित मच्छार पर कथित रूप से चाकू से हमला किया। विमान में सवार यात्रियों और अन्य चालक दल के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर हमलावर को काबू करने में मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। घटना में विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बच गई।
भारतीय पायलट स्मित मच्छार हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका सऊदी अरब में उपचार किया गया। घटना की जांच सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इजरायल से जुड़ी एजेंसियां कर रही हैं। हमले के कारण और इसके पीछे की मंशा को लेकर जांच जारी है। भारत में भी इस घटना के सुरक्षा संबंधी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर विमानन कंपनियों, चालक दल की सुरक्षा और कॉकपिट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मौजूदा प्रोटोकॉल में आवश्यक बदलावों पर विचार किया जा सकता है।

