मुंबई। अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर इन दिनों अपने आगामी शो ग्राम चिकित्सालय के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान उनका पारंपरिक और बेहद खूबसूरत लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। लाल और सुनहरे रंग की साड़ी में अभिनेत्री ने अपनी शानदार फैशन सेंस से सभी का ध्यान खींच लिया। आकांक्षा ने डिज़ाइनर मृणालिनी राव की डिज़ाइन की हुई लाल-सुनहरी टिशू साड़ी पहनी, जिस पर खूबसूरत मोटिफ्स और हाथ से की गई ज़रदोज़ी कढ़ाई वाला बॉर्डर बना हुआ था। साड़ी की बारीक पेज़ली और फ्लोरल डिज़ाइनिंग ने इसे शाही और एलिगेंट लुक दिया।
हालांकि, पूरे आउटफिट की सबसे बड़ी खासियत उनका गहरे लाल रंग का स्टेटमेंट ब्लाउज़ रहा। पॉट-नेक डिजाइन और बारीक ज़रदोज़ी एम्ब्रॉयडरी से सजा यह ब्लाउज़ साड़ी के साथ बेहतरीन तालमेल बनाता नजर आया। कैप स्लीव्स ने लुक को और अधिक स्टाइलिश बना दिया। करीब रु.2.79 लाख कीमत वाली इस साड़ी-ब्लाउज़ कॉम्बिनेशन के साथ आकांक्षा ने मिनिमल एक्सेसरीज़ चुनीं और केवल एक बड़ी अंगूठी पहनकर अपने लुक को पूरा किया। ग्लोइंग मेकअप, हल्के ब्लश और स्लीक पोनीटेल हेयरस्टाइल ने उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। आकांक्षा का यह ट्रेडिशनल लुक फैशन प्रेमियों को काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
