छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में एआई प्रशिक्षण शुरू, 550 से अधिक शिक्षक और कर्मचारी सीखेंगे नई तकनीक

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच एमओयू किया गया है। इस साझेदारी के तहत कॉलेजों में शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

23 नवंबर को दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि एआई शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला माध्यम है। शिक्षक विद्यार्थियों में सोचने, समझने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं, जबकि एआई उनकी इस भूमिका को और मजबूत कर सकता है। मंत्री ने बताया कि एआई के माध्यम से बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, पाठ योजनाएं बनाने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन, फीडबैक और शोध कार्यों में मदद मिलेगी। इसके अलावा कार्यालयीन कार्यों में पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने और सूचनाओं के विश्लेषण से समय की बचत होगी तथा कार्यक्षमता बढ़ेगी।

प्रारंभिक प्रशिक्षण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षक और अधिकारियों के साथ उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। आगे विभागीय स्तर पर 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे और जरूरत के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। टंक राम वर्मा ने एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से मिली जानकारी का इस्तेमाल करने से पहले सत्यापन जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में नवाचार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।