25 साल इंतजार के बाद ग्रामीणों ने खुद बनाई सड़क, चंदा जुटाकर शुरू की मरम्मत

Follow Us

मोहला। प्रशासनिक इंतजार और अधूरे आश्वासनों से परेशान ग्रामीणों ने आखिरकार खुद ही सड़क निर्माण की जिम्मेदारी उठाई। मोहला जिले के दक्कोटोला गांव के लोगों ने आपस में चंदा एकत्र कर वर्षों से जर्जर सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। अंबागढ़ चौकी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खुर्सीटिकुल के आश्रित गांव दक्कोटोला में सड़क की समस्या पिछले करीब 25 वर्षों से बनी हुई है। गांव तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से खराब हालत में है। बारिश के मौसम में सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होता है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक सड़क निर्माण के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई। कई बार सर्वे और प्रस्ताव तैयार हुए, लेकिन सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका। लगातार इंतजार के बाद ग्रामीणों ने स्वयं पहल करने का निर्णय लिया। आगामी बारिश को देखते हुए गांव में बैठक आयोजित की गई, जिसमें लोगों ने आपसी सहयोग से सड़क सुधारने का फैसला लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चंदा एकत्र किया और युवा, बुजुर्ग तथा महिलाएं कुदाल, फावड़े और टोकरियां लेकर सड़क मरम्मत के कार्य में जुट गए। वर्तमान में ग्रामीण गिट्टी और मिट्टी डालकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीणों की इस पहल के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हुआ है। कलेक्टर ने ग्रामीणों के प्रयास की सराहना करते हुए पक्की सड़क निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से केवल आश्वासन सुनते आए हैं, इसलिए सड़क का स्थायी निर्माण होने तक उनका सामूहिक प्रयास जारी रहेगा।