फिल्मों के बाद अब म्यूजिक इंडस्ट्री में फरहान अख्तर की एंट्री, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के गानों से होगी शुरुआत

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता, लेखक और निर्माता फरहान अख्तर अब संगीत की दुनिया में भी अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपना नया म्यूजिक लेबल ‘एक्सेल म्यूजिक’ लॉन्च किया है। इस नए म्यूजिक वेंचर को ग्लोबल म्यूजिक कंपनी यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप का रणनीतिक सहयोग और वितरण समर्थन मिलेगा। फरहान ने कहा कि, उनका उद्देश्य नए और प्रतिभाशाली कलाकारों व रचनाकारों के साथ मिलकर भविष्य के संगीत को नई दिशा देना है।

एक्सेल म्यूजिक की पहली बड़ी रिलीज ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का साउंडट्रैक एल्बम होगा। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म के गानों में नए कलाकारों को भी मौका दिया गया है। फिल्म का एक प्रमुख गाना हरियाणवी म्यूजिक कलाकार ढांडा ने गाया है, जो बॉलीवुड में अपनी शुरुआत कर रहे हैं। नया म्यूजिक लेबल सिर्फ एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दूसरे फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस के संगीत को भी मंच देने का काम करेगा। फरहान अख्तर की यह नई पहल बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के बीच एक नए सहयोग की शुरुआत मानी जा रही है।