बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाया। बता दें,करीब डेढ़ दर्जन अधिकारियों की टीम ने तखतपुर, काठकोनी, भरनी, चोरभट्ठी, गनियारी, नेवरा, टांडा, अमने, मंगला और धुरिपारा क्षेत्रों में एक साथ जांच की। इस दौरान कई जगहों पर अवैध खनन की गतिविधियां सामने आईं। नेवरा क्षेत्र में मुरुम के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन और दो हाइवा वाहन मौके से जब्त किए गए।
वहीं, तखतपुर क्षेत्र में मुरुम ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पकड़ा गया। मंगला और धुरिपारा क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर छह वाहनों को जब्त कर थाना सकरी, कोटा और कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि चैन माउंटेन मशीन को मौके पर ही सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान कई जगह अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि, अवैध खनन पर सख्ती आगे भी जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की यह संयुक्त मुहिम लगातार जारी रहेगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट को रोका जा सके।
