नई दिल्ली। क्रिप्टोकरेंसी बाजार में एक बार फिर उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिला है। ताजा गिरावट के बीच निवेशकों को भारी झटका लगा है, जहां करीब 537 मिलियन डॉलर का लिक्विडेशन दर्ज किया गया। यह गिरावट हाल ही में आए तेज उछाल के बाद हुई है, जिसने पूरे मार्केट को अस्थिर कर दिया है। Bitcoin की कीमत फिलहाल $74,600 के आसपास ट्रेड कर रही है, जो पहले $75,000 से $76,000 के बीच बनी हुई थी। वहीं Ethereum और Solana जैसी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में भी हल्की गिरावट देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि, बाजार में अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।

इस उतार-चढ़ाव के पीछे “शॉर्ट स्क्वीज” को बड़ा कारण माना जा रहा है। हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की खबरों के चलते बाजार में अचानक तेजी आई, जिससे शॉर्ट पोजिशन लेने वाले निवेशकों को भारी नुकसान हुआ। शॉर्ट स्क्वीज तब होता है जब ट्रेडर्स किसी क्रिप्टो के गिरने पर दांव लगाते हैं, लेकिन कीमतें उल्टा तेजी से बढ़ने लगती हैं। ऐसे में उन्हें मजबूरी में अपनी पोजिशन कवर करनी पड़ती है, यानी ऊंचे दाम पर खरीदारी करनी होती है, जिससे कीमतें और भी ऊपर चली जाती हैं। इस स्थिति ने बाजार में भारी खरीद दबाव बनाया और कई निवेशकों की पोजिशन ऑटोमैटिक रूप से बंद हो गई। इसी वजह से कुल 537 मिलियन डॉलर का बड़ा लिक्विडेशन देखा गया।
