जयपुर। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने जयपुर सहित देश के अपने आठ हवाई अड्डों पर नई पीढ़ी का ‘अदाणी रिवार्ड्स’ सदस्यता कार्यक्रम शुरू किया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के साथ खरीदारी, खानपान और अन्य हवाई अड्डा सेवाओं पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह कार्यक्रम अदाणी वन ऐप से जुड़ा है। इसके माध्यम से यात्री विभिन्न सेवाओं की जानकारी लेने, विशेष छूट पाने और पहले से बुकिंग करने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, सदस्यता की अलग-अलग श्रेणियों के आधार पर यात्रियों को सालाना 65 हजार रुपये तक के लाभ मिल सकते हैं। इनमें भोजन, खरीदारी, उपहार वाउचर, शुल्क मुक्त दुकानों पर छूट और हवाई अड्डे के विश्राम कक्ष में प्रवेश जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिकता से सुरक्षा जांच, विशेष प्रवेश द्वार, पार्किंग, वाहन सेवाएं और यात्रियों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह कार्यक्रम मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर, गुवाहाटी, मंगलुरु और तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डों पर लागू होगा। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण बंसल के अनुसार, नई पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और हवाई अड्डों पर डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ेगा।
