ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 36.70 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

0 दो महिलाओं से कुल 82.50 लाख लिए, 45.80 लाख लौटाए; 36.70 लाख की राशि नहीं की वापस

राजनांदगांव । ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से 36 लाख 70 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी (37) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों प्रकरणों में आरोपी ने कुल 82 लाख 50 हजार रुपये लिए थे, जिसमें से 45 लाख 80 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 36 लाख 70 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।पुलिस के अनुसार, डोंगरगढ़ निवासी प्रतिमा पाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने अपनी “प्योर ट्रेडिंग” कंपनी में निवेश पर मुनाफे का भरोसा दिलाकर मई 2023 से मई 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद कुल 27 लाख 50 हजार रुपये लिए। इसमें से करीब 19 लाख रुपये लौटाए गए, जबकि 8 लाख 50 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।

दूसरे मामले में नमिता चौबे से फरवरी 2023 से मई 2025 के बीच कुल 55 लाख रुपये लिए जाने की शिकायत दर्ज हुई। पुलिस के अनुसार, इसमें से करीब 26 लाख 80 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 28 लाख 20 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।दोनों शिकायतों पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 413/2026 और 414/2026 के तहत धारा 318(4), 238 बीएनएस में मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, तिलक कवर और महिला आरक्षक सुषमा मराठे का योगदान रहा।