शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप, सूरजपुर पुलिस ने महाराष्ट्र से आरोपी को पकड़ा

Follow Us

सूरजपुर। जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान कुछ समय पहले सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और आरोपी ने युवती का भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर पीड़िता का शारीरिक शोषण किया।

आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान युवती का अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता और उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।