सूरजपुर में एक्सीडेंट, 3 युवकों की दर्दनाक मौत

Follow Us

सूरजपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, यहां एक ही दिन में तीन युवकों की मौत हो गई। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं।

मिली जानकरी के मुताबिक, पहली घटना बनारस मुख्य मार्ग के छुई नाला के पास की है, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दोनों युवक महेवा रामनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरी घटना रामानुजनगर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौत हो गई,

जबकि दो युवकों को मामूली चोटें आई है। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज रामानुजनगर स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। जानकारी के अनुसार रामानुजनगर दुर्घटना में शामिल चालक नाबालिग बताए जा रहे हैं, जो बाइक चला रहे थे। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एक ही दिन में सामने आए इन दो सड़क हादसों ने तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को फिर उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।