रायपुर। आम आदमी पार्टी ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर राजधानी रायपुर के नलघर चौक में विशाल धरना-प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली बिल, किसान और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए गए। प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। सरकारी शिक्षा बर्बाद हो गई है, प्रदेश शिक्षा में 34वें नंबर पर है, यह शर्मनाक है। पेपर लीक रोक नहीं पा रहे, स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर है, हर तरफ जर्जर सड़कें हैं, सड़कों पर बैठे मवेशियों की जान जा रही है और बढ़े बिजली बिल से जनता त्रस्त है।
सहप्रभारी सौरभ झा ने कहा कि किसान महंगी यूरिया लेने को मजबूर हैं और 1 लाख रोजगार की गारंटी देकर सत्ता में आई भाजपा के राज में बेरोजगारी और बढ़ी है। प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को प्रदेश के कोने-कोने में उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
AAP की 7 सूत्रीय मांगें:
1. सरकारी स्कूलों की बदहाली, शिक्षकों की कमी और गिरते स्तर में सुधार हो
2. अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयों और सुविधाओं का अभाव दूर हो
3. गौधाम योजना में भ्रष्टाचार की जांच और आवारा मवेशियों का उचित रखरखाव हो
4. जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत हो
5. किसानों को खाद-बीज की किल्लत, MSP और मुआवजे में देरी दूर हो
6. बढ़े बिजली बिल वापस लेकर जनता को राहत दी जाए
7. युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती हो


