बलरामपुर। सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला कलेक्टर से मिलने पहुंचे ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल के दौरान सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और जिला प्रशासन के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान आप नेता का व्यवहार उग्र हो गया और उन्होंने कलेक्टर से कथित अभद्रता की। हालात बिगड़ते देख कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Read more:- कुलपतियों ने जमीनी सर्वे और अकादमिक शोध पर दिया जोर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिरासत में लेने के दौरान आप नेता और पुलिसकर्मियों के बीच भी जमकर बहस हुई। पुलिस के समझाने के बावजूद जब वे नहीं माने तो जवानों ने उन्हें पकड़कर पुलिस वाहन तक पहुंचाया और वाहन में बैठाया। इस दौरान आप नेता लगातार विरोध करते रहे और “अभी तो ये अंगड़ाई है, आगे-आगे और लड़ाई है” तथा “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगाते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ और पूरे घटनाक्रम की हलचल साफ नजर आ रही है।
घटना के बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों की सड़क संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। हालांकि, कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील परिसर में हुए इस विवाद ने प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक मर्यादा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
फिलहाल पुलिस ने आप प्रदेश प्रवक्ता को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उनके खिलाफ किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक आम आदमी पार्टी की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। पुलिस और प्रशासन के आधिकारिक बयान के बाद मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।
