प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 200 केस, रायपुर में सबसे ज्यादा 100 मरीज, 7 एक्टिव; जिला अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में कुल केस बढ़कर 200 हो गए हैं, जिसमें अकेले राजधानी रायपुर में 100 केस मिल चुके हैं। जिनमें 7 एक्टिव हैं। डॉक्टरों के अनुसार जनसंख्या अधिक होने से राजधानी में सबसे ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान, जांच व्यवस्था मजबूत करने और दवाइयों, जांच किट व जरूरी संसाधनों का स्टॉक बनाए रखने को कहा गया है।विशेषज्ञों के अनुसार बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में तकलीफ और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखें तो खुद से दवा न लें। तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गणेश चतुर्थी तक बढ़ सकते हैं केस:
डॉक्टरों के मुताबिक मौसम में नमी के कारण गणेश चतुर्थी तक केस बढ़ सकते हैं। लोगों से अपील है कि लक्षण दिखते ही लापरवाही न करें और तुरंत जांच कराएं। अधिकारियों को सैंपलिंग और इलाज की तैयारी रखने को कहा गया है।

सैंपलिंग और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ा

जानकारी के अनुसार रायपुर और दुर्ग सहित कई जिलों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ा दी है। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड और बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का फोकस संक्रमित मरीजों के समय पर उपचार के साथ उनके संपर्क में आए लोगों की निगरानी करना है।

रायपुर में 7 एक्टिव केस
जिला स्वास्थ्य अधिकारी मिथिलेश चौधरी ने बताया कि रायपुर में अब तक 100 केस आ चुके हैं, जिसमें 7 से 8 एक्टिव हैं। उन्होंने अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार, सिरदर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल में चेकअप कराएं। बरसात में स्वाइन फ्लू बढ़ रहा है, इसलिए सभी सावधानी बरतें।