दिव्यांग महिला के घर पहुंची आधार सेवा, CM साय की जनकेंद्रित शासन व्यवस्था का दिखा मानवीय चेहरा

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जनकेंद्रित और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए पक्षाघात से पीड़ित मरवाही निवासी दिव्यांग महिला  रामकली गुप्ता को घर पहुंचकर आधार संबंधी आवश्यक सेवा उपलब्ध कराई।

जानकारी के अनुसार, रामकली गुप्ता की स्वास्थ्य स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे आधार सेवा केंद्र तक पहुंच सकें। परिवार की ओर से आधार से जुड़ी सेवा की आवश्यकता बताई गई, जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल पहल करते हुए आधार ऑपरेटर अंशु गुप्ता को उनके निवास भेजा। ऑपरेटर ने घर पर ही आधार संबंधी पूरी प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे महिला और उनके परिजनों को काफी राहत मिली।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और गंभीर रूप से बीमार लोगों तक शासकीय सेवाएं आसानी से पहुंचाने पर जोर दे रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी नागरिक केवल शारीरिक असमर्थता के कारण सरकारी सेवाओं से वंचित न रहे।

जिला प्रशासन की यह पहल सुशासन, सेवा भावना और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है। घर तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराने की ऐसी कोशिशें आम नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ ही जनहितैषी शासन व्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।