हाईटेंशन टॉवर पर युवक का हंगामा, पुलिस और परिजन घंटों करते रहे समझाइश

Follow Us

धमतरी। जिले के भेंड्रा गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक फिर से हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया। खास बात यह है कि, युवक एक दिन पहले भी इसी टॉवर पर चढ़कर घंटों तक हंगामा कर चुका था। लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना से गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने जब युवक को टॉवर पर चढ़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की गई। ऊंचाई अधिक होने के कारण पुलिस और ग्रामीणों को उससे बातचीत करने में काफी परेशानी हो रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसे समझाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि, युवक किसी बात से नाराज था। वहीं आशंका जताई जा रही है कि, वह शराब के नशे में टॉवर पर चढ़ा था। पुलिस और प्रशासन की लगातार समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही। प्रशासन ने युवक को नीचे आने के बाद मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की है। फिलहाल टॉवर पर चढ़ने के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।