सरगुजा। अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार को एक खौफनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार कुंवरपुर मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि, कार के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के मलबे के बीच ही फंस गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल लखनपुर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे युवक को बाहर निकाला। घायल की पहचान अभिषेक पांडे (पिता अजय पांडे) के रूप में हुई है, जो मूलतः भदोही (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर में रह रहा था।
गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना लग रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों को लेकर लोगों को सतर्क कर दिया है।
