आज शुरुआत से शेयर बाजार में गिरावट का मंजर; सेंसेक्स 900 अंक टूटा, निफ्टी 24000 से नीचे, 95 से पार हुआ रुपया

Follow Us

नई दिल्ली। आज कारोबारी में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला, वहीं जहां कमजोर वैश्विक रुझानों और विदेशी निधियों की निकासी के बीच गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी जैसे प्रमुख सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। दरअसल शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 959.22 (-1.23%) अंकों तक टूट गया और 76,537.14 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी -285.66 (-1.18%) अंक कमजोर होकर 23,892.00 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 95.07 पर आ गया। गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान बाजार के उतार-चढ़ाव को ट्रैक करने वाला इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स या इंडिया वीआईएक्स 4.90 चढ़कर 18.29 पर पहुंच गया। आपको बता दें की क्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बुधवार को बाजार से 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी की निकासी की। विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) लगातार भारतीय इक्विटी और डेट (जिसका प्रतिफल बुधवार को 7 प्रतिशत तक पहुंच गया था) की बिक्री कर रहे हैं और वे लगातार डॉलर के खरीदार बने हुए हैं।

वहीं सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और अदाणी पोर्ट्स सबसे पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और पावर ग्रिड को लाभ हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड चार प्रतिशत ज्यादा बढ़कर 125 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक नीचे कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक मामूली रूप से ऊपर कारोबार कर रहा था। वहीं कल बुधवार को अमेरिकी बाजार अधिकतर गिरावट के साथ बंद हुए। रिसर्च एनालिस्ट और लिवेलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, “कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहने के कारण डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज निचले स्तर पर बंद हुआ… साथ ही, फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया, जिससे जोखिम वाली संपत्तियों को सीमित समर्थन मिला।” उन्होंने आगे कहा कि भू-राजनीतिक तनावों की निरंतरता, विशेष रूप से आपूर्ति में व्यवधानों के कारण, जोखिम लेने की प्रवृत्ति कम बनी हुई है और बाजार खबरों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हैं। बुधवार को सेंसेक्स 609.45 अंक या 0.79 प्रतिशत बढ़कर 77,496.36 पर बंद हुआ। निफ्टी 181.95 अंक या 0.76 प्रतिशत चढ़कर 24,177.65 पर समाप्त हुआ।