रायगढ़।जिले में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख हो गया। घटना कार्मेल स्कूल के पास स्थित आदित्य बिजनेस पार्क कॉम्पलेक्स के सामने की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बाइक किसी फाइनेंस कंपनी से जुड़े कर्मचारी की थी, जो वहां खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले बाइक से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद अचानक आग की लपटें उठने लगीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बाइक को बचाया नहीं जा सका। आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को तुरंत हटाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में पेट्रोल लीक या इंजन में तकनीकी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते लोगों की सतर्कता से आसपास खड़े अन्य वाहन और बड़ा नुकसान होने से बच गया।
