महासमुंद। जिले के सरायपाली क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। पदमपुर रोड स्थित गुरु नानक चौक के पास हुई इस घटना में बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चलते-चलते अचानक धुआं छोड़ने लगी और कुछ ही देर में उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि, कार चालक खेम लाल साहू, ग्राम दुलारपाली का निवासी है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से चर्चा में है।
