मोहला में हाईटेंशन लाइन से टकराकर तेंदूपत्ता से भरी माजदा बनी ‘आग का गोला’, लाखों का नुकसान, 6 ने कूदकर बचाई जान

Follow Us

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है, जहाँ शनिवार की देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। मोहला के केशला गांव में तेंदूपत्ते से लदा एक स्वराज माजदा वाहन हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी ने पल भर में भयानक रूप ले लिया और वाहन में लदे तेंदूपत्तों की बोरियों में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। इस खौफनाक मंजर के बीच वाहन में सवार चालक और 5 मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी, जिससे सभी 6 लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

गोटाटोला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खोमन भंडारी के मुताबिक, यह वाहन अडमागोंदी गांव स्थित तेंदूपत्ता फड़ से बोरियां लादकर डोंगरगांव की ओर जा रहा था। जब केशला गांव में आग लगी, तो चालक ने गजब की बहादुरी और समझदारी दिखाई। उसने जलते हुए वाहन को रिहायशी बस्ती के बीच रोकने के बजाय तुरंत आगे बढ़ाया और आबादी से बाहर ले जाकर खड़ा किया, जिससे गांव में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसके बाद स्थानीय स्तर पर पानी छिड़ककर आग बुझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन सूखी पत्तियां होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि काबू पाना नामुमकिन हो गया। इस हादसे में राजनांदगांव के तेंदूपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक का करीब 10 लाख रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता और वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया है। फिलहाल गोटाटोला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।