जंगल में आईईडी मिलने से टला बड़ा हादसा: मशरूम चुनने गए ग्रामीणों की सूझबूझ आई काम

Follow Us

बीजापुर। जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए ग्रामीणों को जमीन पर बिछा एक संदिग्ध वायर दिखाई दिया। आशंका होने पर उन्होंने बिना उसे छुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पुराने प्रेशर आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्प्रभावी कर दिया। पुलिस के मुताबिक ग्राम बंदेपारा और पेगड़ापल्ली के कुछ ग्रामीण स्थानीय जंगल में पुटू एकत्र करने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर पड़े एक संदिग्ध वायर पर पड़ी। ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए न तो वायर को छुआ और न ही उसके आसपास जाने का प्रयास किया। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।

13 PG डिग्रियों वाले शिक्षक की देशभर में चर्चा, डॉ. रमेश चंद्रवंशी होंगे सम्मानित

सूचना मिलते ही मद्देड़ थाना पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद जवानों ने आसपास के क्षेत्र का सावधानीपूर्वक निरीक्षण किया। इसके बाद बीडीएस टीम की सहायता से जमीन में लगाए गए पुराने प्रेशर बियर बॉटल आईईडी को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उसे मौके पर ही निष्प्रभावी कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह आईईडी पूर्व में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से माओवादियों द्वारा लगाया गया था। समय रहते ग्रामीणों की नजर संदिग्ध वायर पर पड़ने और पुलिस को सूचना दिए जाने से संभावित नुकसान को टालने में सफलता मिली।

30 साल की सेवा का सम्मान: शिक्षक अहमद को मिलेगा सीएम शिक्षा गौरव सम्मान

आईईडी निष्प्रभावी करने की कार्रवाई में मद्देड़ थाना से सहायक उपनिरीक्षक सुरेश जब्बा, सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी की ए कंपनी संगमपल्ली से सहायक कमांडेंट मनोज कुमार समेत बीडीएस टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस ने ग्रामीणों की सूझबूझ और सतर्कता की सराहना की है। साथ ही जंगल, खेत, पगडंडी या सड़क किनारे किसी भी प्रकार का संदिग्ध तार, गड्ढा, टिफिन, कंटेनर या अज्ञात वस्तु दिखाई देने पर उसे बिल्कुल नहीं छूने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसी वस्तु दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को इसकी सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी बड़े हादसे को रोकने में अहम साबित हो सकती है।

CG News: 30 साल से बैसाखी के सहारे पढ़ा रहे दिव्यांग शिक्षक, सीएम करेंगे सम्मानित