दुर्ग। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का शानदार अवसर सामने आया है। दुर्ग के शिवाजी नगर स्थित छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आज मेगा प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में 10वीं पास से लेकर इंजीनियरिंग, नर्सिंग और मेडिकल क्षेत्र के उम्मीदवार तक भाग ले सकेंगे। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अनुसार, कैंप में विभिन्न निजी कंपनियों और संस्थानों द्वारा अलग-अलग पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, इंजीनियरिंग, एएनएम, जीएनएम, नर्सिंग, पैरामेडिकल, एमबीबीएस और बीएएमएस योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।
रोजगार मेले का उद्देश्य अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं और बेरोजगार युवाओं को सीधे नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से भी अधिक से अधिक युवाओं को शामिल करने की अपील की गई है। उधर कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नाराज 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। सरपंचों का आरोप है कि लंबे समय से पंचायतों में नए विकास कार्य स्वीकृत नहीं किए जा रहे, जिससे गांवों में जरूरी सुविधाओं के काम ठप पड़े हैं। इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
