CG Update: दुर्ग बार एसोसिएशन चुनाव आज, किसके सिर सजेगा ताज?

Follow Us

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जिला अधिवक्ता संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। 2026-28 कार्यकाल के लिए आयोजित इस चुनाव में 64 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला आज मतपेटियों में बंद हो जाएगा। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खास उत्साह देखा जा रहा है और कई महत्वपूर्ण पदों पर कड़ी टक्कर की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक,चुनाव समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान शनिवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अधिवक्ता कक्ष क्रमांक-4 के पीछे स्थित मैदान में किया जा रहा है। मतदान प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदान के लिए सभी अधिवक्ताओं को अपना पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। बिना परिचय पत्र के किसी भी मतदाता को मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा “वन बार, वन वोट” नियम के तहत सभी मतदाताओं से घोषणा पत्र भी भरवाया जा रहा है, जिसमें यह स्पष्ट करना होगा कि, वे केवल दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ में ही पंजीकृत हैं और कहीं अन्यत्र मतदान नहीं करते।

बता दे,चुनाव में कुल 17 पदों के लिए वोटिंग हो रही है, जिनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 8 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 7 और अन्य पदों पर भी कई उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।महिला आरक्षित पदों पर भी अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। सचिव, उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी जैसे पदों पर महिला प्रत्याशियों ने मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिससे चुनाव में प्रतिस्पर्धा और बढ़ गई है।

वही,चुनाव समिति के अनुसार, मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित होने की संभावना है। इस चुनाव के जरिए अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी का गठन होगा, जो आगामी दो वर्षों तक संघ का संचालन करेगी। कुल मिलाकर, दुर्ग अधिवक्ता संघ का यह चुनाव न केवल संख्या के लिहाज से बड़ा है, बल्कि इसमें हो रही कड़ी प्रतिस्पर्धा इसे और भी खास बना रही है। अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि,संघ की कमान अगले दो साल तक किसके हाथों में रहेगी।