मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट: छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बदलेगा मौसम का मिजाज

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है, और आने वाले दिनों में भी इसका असर जारी रहने वाला है।मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। कहीं हल्की बारिश तो कहीं बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी, जिससे भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है। हालांकि बीच-बीच में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है।राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों में पहले तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 1 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में भिन्नता देखने को मिली। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में 38 डिग्री, अंबिकापुर और पेण्ड्रा रोड में 36.2 डिग्री, जबकि जगदलपुर में 35.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने बताया कि, इस बदलाव की मुख्य वजह एक सक्रिय द्रोणिका प्रणाली है, जो पूर्वी झारखंड से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक लगभग 0.9 किमी की ऊंचाई पर बनी हुई है। इसी के प्रभाव से प्रदेश में बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा की स्थिति बन रही है। पेण्ड्रा रोड में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में वर्षा सामान्य रही।

3 अप्रैल को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और वज्रपात के समय सुरक्षित जगहों पर शरण लें।फिलहाल, अगले कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम का यही बदला हुआ रुख देखने को मिलेगा, जिससे गर्मी और राहत के बीच संतुलन बना रहेगा।