‘धुरंधर 2’ का 13वें दिन भी जलवा, जानें ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ के साथ बॉक्स ऑफिस का ताज़ा हाल

Follow Us

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों सिर्फ एक ही नाम सुनाई दे रहा है वो है रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का। फिल्म दूसरे हफ्ते को पूरा करने वाली है और लगातार अच्छे आंकड़े हासिल कर रही है। यही कारण है कि फिल्म हर दिन नए रिकॉर्ड्स भी बना रही है। वहीं दूसरी ओर ‘धुरंधर 2’ के सामने कोई बड़ी फिल्म भी नहीं है। सिर्फ पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ और हॉलीवुड फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ सिनेमाघरों में बनी हुई हैं।

‘धुरंधर 2’ की कमाई में दूसरे हफ्ते भी अच्छे आंकड़े देखने को मिल रहे हैं। अब अपने 13वें दिन मंगलवार को ‘धुरंधर 2’ ने 27.75 करोड़ रुपए की कमाई की। इससे पहले सोमवार को फिल्म का कलेक्शन 25.30 करोड़ रुपए रहा था। ऐसे में मंगलवार को कमाई में उछाल देखने को मिली है। अब 13 दिनों में ‘धुरंधर 2’ का कुल कलेक्शन 856.92 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। फिल्म की निगाहें अब 1000 करोड़ के आंकड़े पर टिकी हैं। अपने पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर सैकड़ा जड़ने वाली ‘धुरंधर 2’ ने पहले हफ्ते में 631.17 करोड़ रुपए की कमाई की थी। सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं बल्कि वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी फिल्म लगातार अच्छा कर रही है। अब तक फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1435.41 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में अब ‘धुरंधर 2’ ने अपने पहले पार्ट ‘धुरंधर’ (1428 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है।

‘धुरंधर 2’ के सामने हॉलीवुड फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ भी संघर्ष करती ही दिख रही है। फिल्म ने अपने छठे दिन यानी मंगलवार को 2.95 करोड़ रुपए की कमाई की। हालांकि, ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्म के सामने एक हॉलीवुड फिल्म के लिए ये कलेक्शन उतना भी कमजोर नहीं है। इस तरह से छह दिनों में फिल्म की कुल कमाई 19.78 करोड़ रुपए हो गई है। पावर स्टार कहे जाने वाले पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ ‘धुरंधर 2’ के साथ ही रिलीज हुई थी। लेकिन रणवीर सिंह की आंधी में पवन कल्याण की फिल्म उड़ गई। फिल्म ने 13वें दिन मंगलवार को सिर्फ 35 लाख रुपए की कमाई की। इससे पहले सोमवार को भी फिल्म का कलेक्शन इतना ही रहा था। इस तरह से 13 दिनों में ‘उस्ताद भगत सिंह’ अब तक सिर्फ 70.64 करोड़ रुपए ही जुटा पाई है।