मुंबई। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। वीकेंड का वार में सलमान खान एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आने वाले हैं। जहां शनिवार को उन्होंने कनिका और काजी समेत कई कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाई, वहीं आज के एपिसोड में स्काउट ओपी को सलमान के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। इस बीच लव गिल के शो से बाहर होने की खबरों ने भी दर्शकों के बीच हलचल बढ़ा दी है।
लव गिल को लेकर स्काउट पर भड़के सलमान
वीकेंड का वार के नए प्रोमो में सलमान खान स्काउट ओपी से लव गिल को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, स्काउट ने एक वीडियो में लव पर उन्हें बहकाने और अपनी बातों में उलझाने का आरोप लगाया था। सलमान का मानना है कि स्काउट ने पूरे मामले की जिम्मेदारी लव पर डालकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया है। प्रोमो में सलमान स्काउट से कहते हैं कि क्या तुम्हें भाई-बहन के रिश्ते का मतलब पता है? उन्होंने इस पूरे मामले को कैरेक्टर शेमिंग बताते हुए स्काउट को फटकार लगाई। इस पर स्काउट अपनी सफाई देने की कोशिश करते हैं, लेकिन सलमान उनकी बातों से सहमत नहीं होते। सलमान आगे कहते हैं कि तुमने लव की छवि खराब कर दी है। तुमने और गुल्लू ने ये बातें की हैं और उस लड़की को तुम्हारी वजह से कितना कुछ झेलना पड़ रहा है। सलमान का गुस्सा देखकर साफ है कि आज का वीकेंड का वार काफी हंगामेदार होने वाला है।
काश्वी का वीडियो हुआ वायरल
दूसरी तरफ काश्वी का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में काश्वी कहती नजर आ रही हैं कि वह फिलहाल किसी भी बात पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहतीं। उन्होंने सभी से अपील की है कि उनका कोई बयान न लिया जाए। काश्वी ने कहा कि शो खत्म होने के बाद ही वह अपनी बात रखेंगी।
क्या बिग बॉस 20 से बाहर होंगे लव गिल?
इस हफ्ते के एविक्शन को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। खबरों के मुताबिक, लव गिल शो से बाहर हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से उनके एविक्शन को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि लव को सीक्रेट रूम में भेजा जा सकता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि लव का सफर शो में खत्म होता है या उन्हें एक नया मौका मिलता है। अब दर्शकों को वीकेंड का वार के एपिसोड में होने वाले खुलासों का इंतजार है।
