नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (पीएसी) और प्रदेश चुनाव समिति (पीईसी) का गठन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। पार्टी की ओर से गठित 42 सदस्यीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी में उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ‘मोना’, प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर और अजय राय समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं।
वहीं, 37 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की अध्यक्षता आराधना मिश्रा ‘मोना’ को सौंपी गई है। समिति में वीरेंद्र चौधरी, प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, राजीव शुक्ला और सुप्रिया श्रीनेत समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इन समितियों में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, कांग्रेस सेवा दल और एनएसयूआई के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। नई समितियों का गठन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। माना जा रहा है कि इन कमेटियों के जरिए कांग्रेस उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और उम्मीदवारों के चयन से जुड़े कामों को गति देगी।
