0 गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकाला मार्च, सुखदेव भगत ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
0 राहुल गांधी के 2029 में देश की कमान संभालने का किया दावा
रायपुर । संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने गुरुवार को रायपुर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओÓ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकाला। गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च अंबेडकर चौक पहुंचा। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए संविधान, लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी वाशिंग पाउडर संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा है। देश में एक तरफ बेचने का काम चल रहा है, तो दूसरी तरफ बचाने का काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की कमान संभालेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं है, बल्कि यह गरीबों की रोटी, 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान और युवाओं के भविष्य की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकारी दफ्तर की तरह काम कर रहा है। उनके अनुसार, कांग्रेस संविधान और उसके मूल्यों में विश्वास रखने वाले लोगों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि केवल संविधान पढऩा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी मूल भावना को समझना भी जरूरी है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में संविधान सुरक्षित नहीं है और लोगों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकाल रही है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान परेशान हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने किसानों के रकबे में कटौती, बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाया। कांग्रेस ने इस मार्च को अपने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान का हिस्सा बताया। पार्टी का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और कथित अनियमितताओं से लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। इसी को लेकर पार्टी ने ‘वोट रक्षक अभियान शुरू किया है। इसके तहत कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रवींद्र चौबे, मोहम्मद अकबर, ताम्रध्वज साहू, अनिला भेडिय़ा, प्रेमसाय सिंह टेकाम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक पहुंचकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के नारे लगाए। एक कार्यकर्ता डॉ. भीमराव अंबेडकर
की वेशभूषा में भी पहुंचा। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में संविधान रक्षा मार्च आयोजित करने का आह्वान किया था। रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में रखा।
