जशपुर जंबूरी की तैयारियों का जायजा लेने मयाली और देशदेखा पहुंचे जिला पंचायत सीईओ

Follow Us

जशपुर। जिले में 26 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली जशपुर जंबूरी 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने मंगलवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने मयाली नेचर कैंप, देशदेखा सहित विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सीईओ ने देशदेखा में प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, साहसिक गतिविधियों और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों का जायजा लिया। वहीं मयाली नेचर कैंप में भोजन, नाश्ता, पेयजल, साफ-सफाई और विभिन्न गतिविधियों के लिए निर्धारित स्थलों का निरीक्षण किया।

आयोजन के दौरान देशदेखा और मयाली में प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था की जा रही है। देशदेखा में उनके ठहरने की भी सुविधा रहेगी। इसके अलावा सभी आयोजन स्थलों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रतिभागियों को तत्काल स्वास्थ्य सहायता मिल सके।

सीईओ अभिषेक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जंबूरी की पूरी अवधि में भोजन की गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन में जिले के साथ अन्य क्षेत्रों से भी प्रतिभागी शामिल होंगे, इसलिए उनकी सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।