कार्तिक पूर्णिमा पर महादेवघाट में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, खारून में लगाई आस्था की डुबकी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के महादेवघाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पारंपरिक पुन्नी मेला धूमधाम से मनाया गया। खारून नदी के पावन तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मेले को लेकर प्रदेश के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने खारून नदी में पुण्य स्नान कर भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक किए। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेवघाट में सुबह से ही आस्था का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु खारून नदी पहुंचे और वहां डुबकी लगाई। इसके बाद पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान और दीपदान का विशेष महत्व होता है। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालुओं ने नदी में दीपदान किया।

जानकारी के अनुसार मेले में श्रद्धालुओं का पहुंचना सुबह से ही शुरू हो गया था। खारून नदी में पुण्य स्नान, भगवान शिव की पूजा और दीपदान के लिए बड़ी संख्या में लोग घाट पहुंचे। बताया जाता है कि, यह मेला लगभग 600 साल (1428 ईस्वी) से लगता आया है। मान्यता है कि कलचुरी (हैहयवंशी) राजा ब्रह्मदेव को कोई संतान नहीं थी। उन्होंने खारुन नदी के तट पर प्रकट हुए स्वयंभू शिवलिंग की पूजा की और संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी।

पुत्र रत्न की प्राप्ति होने पर राजा ने 1428 ईस्वी में यहां भव्य हटकेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कराया। मंदिर निर्माण की खुशी में राजा ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन ग्रामीणों के लिए भोजन, ठहरने और मनोरंजन की व्यवस्था की। तब से ही पुन्नी मेले की परंपरा शुरू हुई। तब से हर साल यहां कार्तिक पूर्णिमा पर पुन्नी मेला मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग दूर-दूर से भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन करने आते हैं। फिर यहां नदी में डुबकी लगाकर दीपदान करते हैं।

पुण्य स्नान और दीपदान का विशेष महत्व

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने सुबह खारून नदी में स्नान कर भगवान हटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। मंदिर में बेलपत्र, पुष्प और जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। शाम के समय नदी किनारे दीपदान की परंपरा ने इस आयोजन को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप दिया।

स्थानीय व्यापार और रोजगार को मिला प्रोत्साहन

मेले में आए स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पुन्नी मेला स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है। मेले में लगने वाली छोटी-बड़ी दुकानों, पारंपरिक खाद्य पदार्थों, पूजा सामग्री, खिलौनों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य उत्पादों की बिक्री से स्थानीय व्यापारियों तथा छोटे व्यवसायियों को लाभ मिलता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छोटे व्यापारी और विक्रेता ऐसे आयोजनों में अपनी वस्तुओं का विक्रय करते हैं। इस प्रकार पुन्नी मेला धार्मिक आस्था के साथ आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय आजीविका को भी प्रोत्साहित करता है।

पीढ़ियों को जोड़ने वाली सांस्कृतिक धरोहर

महादेव घाट का पुन्नी मेला छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। बदलते समय और आधुनिक जीवनशैली के बीच भी यह आयोजन अपनी पारंपरिक पहचान बनाए हुए है। यहां बुजुर्ग अपनी धार्मिक मान्यताओं और स्मृतियों के साथ पहुंचते हैं, वहीं बच्चे और युवा अपनी संस्कृति तथा लोक परंपराओं से परिचित होते हैं।

यह मेला केवल एक दिन का धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि पीढ़ियों को जोड़ने वाला सांस्कृतिक सेतु है। यहां आस्था के साथ अपनत्व, परंपरा के साथ उत्साह और धार्मिक भावना के साथ सामाजिक समरसता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।