रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर स्थित मदनी चौक में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में करीब सात महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच में परिवार का मुखिया साजिद अली ही पत्नी और तीन बच्चों का हत्यारा निकला है। जांच के मुताबिक, साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर अब साजिद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
SIT की जांच में सामने आया कि साजिद अली सट्टे के कारोबार से जुड़ा था। वह गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। इस कारोबार में हुए नुकसान और आर्थिक तंगी के कारण वह परेशान चल रहा था। पुलिस की जांच में बैंक खातों से पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी।
जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह घर में मिठाई और खाना भी लेकर आया था। आरोप है कि उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर अपनी पत्नी राबिया और तीन बच्चों को खिला दिया। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
SIT को जांच के दौरान CCTV फुटेज से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। फुटेज के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर साजिद आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते हुए दिखाई दिया था। इसके अलावा घटना से करीब ढाई महीने पहले उसने एक परिचित से परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं होने और जीने की इच्छा नहीं होने की बात भी कही थी।
यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक का है। 17 जुलाई को एक किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिले थे। मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उसकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद अली, शाहिदा बेगम तथा इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी। साजिद का शव फांसी पर लटका मिला था, जबकि पत्नी और बच्चों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े थे। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
