गुरु नानक जयंती पर घर में बनाएं गुरुद्वारे जैसा कड़ा प्रसाद, जानें आसान रेसिपी

Follow Us

गुरुद्वारे में मिलने वाला कड़ा प्रसाद अपने खास स्वाद और खुशबू के लिए जाना जाता है। गेहूं के आटे, देसी घी और चीनी से बनने वाला यह पारंपरिक प्रसाद श्रद्धालुओं को खूब पसंद आता है। खास बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए सामग्री का सही अनुपात और आटे को अच्छी तरह भूनने का तरीका जानना जरूरी है।

कड़ा प्रसाद बनाने के लिए एक कप गेहूं का आटा, एक कप देसी घी, एक कप चीनी और तीन कप पानी लें। इसका स्वाद और बनावट सही रखने के लिए आटा, घी और चीनी बराबर मात्रा में रखना जरूरी है। सबसे पहले एक बर्तन में तीन कप पानी गर्म करें। इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह घुलने दें। पानी में उबाल आने पर गैस बंद कर दें। अब भारी तले की कड़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। आटे को कड़ाही के तले में चिपकने न दें। इसे तब तक भूनें, जब तक इसका रंग हल्का सुनहरा भूरा न हो जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे।

आटा अच्छी तरह भुन जाने के बाद आंच धीमी कर दें। अब इसमें धीरे-धीरे गर्म चीनी का पानी डालें और लगातार चलाते रहें। पानी एक साथ डालने से छींटे पड़ सकते हैं, इसलिए इसे थोड़ा-थोड़ा करके मिलाएं। लगातार चलाने से मिश्रण में गांठें नहीं पड़ेंगी। इसके बाद इसे धीमी आंच पर पकाते रहें। जब आटा पानी सोखकर गाढ़ा हो जाए, मिश्रण मुलायम दिखने लगे और घी किनारों पर नजर आने लगे, तब गैस बंद कर दें। इस तरह घर पर तैयार हो जाएगा गुरुद्वारे जैसा स्वादिष्ट कड़ा प्रसाद। इसे श्रद्धा के साथ परोसें।