बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामथान में प्रभारी प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे शिक्षक को राहत दी है। कोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा 15 जुलाई 2026 को जारी आदेश को निरस्त कर दिया, जिसके तहत शिक्षक को प्रभारी प्राचार्य के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया था।
मामले में याचिकाकर्ता राजेश कुमार शर्मा की मूल पदस्थापना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भरतपुर में व्याख्याता के पद पर है। वे जामथान स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर उन्हें अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने के निर्देश दिए थे।
इस आदेश को चुनौती देते हुए राजेश कुमार शर्मा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता का तर्क था कि 14 जुलाई 2026 को जारी विभागीय परिपत्र गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण समाप्त करने के संबंध में था, जबकि वे शिक्षकीय संवर्ग के कर्मचारी हैं। ऐसे में उक्त परिपत्र के आधार पर उनका अतिरिक्त प्रभार समाप्त करना उचित नहीं था।
राज्य शासन ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी को विभागीय कर्मचारियों को अतिरिक्त प्रभार देने और वापस लेने का अधिकार है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने माना कि याचिकाकर्ता व्याख्याता होने के कारण शिक्षकीय संवर्ग में आते हैं, जबकि संबंधित परिपत्र गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण समाप्त करने के लिए जारी किया गया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उक्त परिपत्र शिक्षकीय संवर्ग के कर्मचारी पर लागू नहीं किया जा सकता।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी का 15 जुलाई 2026 का आदेश निरस्त करते हुए याचिका स्वीकार कर ली। हालांकि, कोर्ट ने विभाग को कानून के अनुरूप नया आदेश जारी करने की स्वतंत्रता दी है। इस फैसले से राजेश कुमार शर्मा को राहत मिली है। कोर्ट ने विभागीय कार्रवाई के लिए अपनाए गए आधार को अनुचित माना है, लेकिन विभाग के वैधानिक अधिकारों पर रोक नहीं लगाई है।
