समाजसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित
भाटापारा। भाटापारा के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अरुण छाबड़ा बंटी को समाजसेवा, मानव सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान समारोह 2026’ में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ का पहरेदार संस्थान द्वारा अंबिकापुर, जिला सरगुजा में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे भाटापारा नगर एवं छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
अरुण छाबड़ा बंटी पिछले 25 वर्षों से निरंतर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने सेवा को केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है। विशेष रूप से अपने स्वर्गीय पिता की पुण्यस्मृति में विगत 10 वर्षों से संचालित निःशुल्क शव वाहन सेवा ‘स्वर्ग रथ’ के माध्यम से वे जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान कर रहे हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय परिवारों के लिए यह सेवा मानवता और संवेदनशीलता की एक अनुकरणीय मिसाल बन चुकी है।उनकी समाजसेवा का दायरा केवल एक सेवा तक सीमित नहीं है। शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, मानव कल्याण एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उनका निरंतर योगदान रहा है। उनके सामाजिक कार्यों और समर्पण के लिए उन्हें दिल्ली में मानद डॉक्टरेट उपाधि से भी सम्मानित किया जा चुका है।अरुण छाबड़ा बंटी ने भाटापारा को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बेटियों को परीक्षा दिलाकर लौट रहे पिता की हादसे में मौत, पांच घायल
उनके नेतृत्व एवं प्रयासों से भाटापारा में 2196 मीटर लंबे तिरंगे का भव्य आयोजन किया गया, जिसके लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भाटापारा का नाम दर्ज हुआ। यह उपलब्धि नगर के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज है।उनके इन निरंतर प्रयासों सामाजिक समर्पण और जनसेवा की भावना को देखते हुए देश-विदेश की 500 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा उन्हें विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’ उनके 25 वर्षों के सेवाभावी सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान उन सभी सामाजिक कार्यों, मानवीय संवेदनाओं और जनकल्याण के प्रयासों की राज्य स्तर पर मिली पहचान है, जिनके माध्यम से उन्होंने समाज में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।इस उपलब्धि पर भाटापारा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अरुण छाबड़ा बंटी ने इस सम्मान को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक निष्ठा से निभाने की प्रेरणा बताते हुए भविष्य में भी मानव सेवा एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
