रायपुर। छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुलाकात की। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए युवाओं ने सात दिवसीय प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री के निवास कार्यालय में उनसे मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।
अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसका नेतृत्व करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। युवाओं में देश को विश्व स्तर पर अग्रणी बनाने की क्षमता, योग्यता और आत्मविश्वास है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिविर से युवा केवल अनुभव ही नहीं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली सीख और आत्मविश्वास लेकर लौट रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है। यहां हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और पहनावे में बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन इसके बावजूद देश एक सूत्र में बंधा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच आपसी प्रेम, जुड़ाव और देश के प्रति समर्पण जितना मजबूत होगा, भारत उतना ही सशक्त बनेगा। सफलता का मंत्र देते हुए उन्होंने आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष को जरूरी बताया तथा युवाओं से कठिन परिस्थितियों में हार मानने के बजाय आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सात दिवसीय शिविर में युवाओं ने सिरपुर, आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन, विधानसभा और नवा रायपुर सहित विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका से भी मुलाकात की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रंगोली प्रतियोगिता और खाद्य महोत्सव में भाग लिया। युवाओं ने सियान गुड़ी का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। शिविर में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध और उद्यमिता से जुड़े सत्र भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा और आधुनिक जीवन कौशल को बढ़ावा देना था।

