कांकेर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों की ओर से जंगल और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। इसी अभियान के दौरान 21 नवंबर को ग्राम मोरखण्डी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने करीब 3 किलोग्राम वजन का प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। संयुक्त टीम ने मौके पर ही बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की मदद से आईईडी को डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के निर्देशन तथा बीएसएफ के डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 94वीं वाहिनी बांदे के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 नवंबर को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम मोरखण्डी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग की।
इस दौरान टीम को एक प्रेशर कुकर आईईडी मिला, जिसका वजन लगभग 3 किलोग्राम बताया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस टीम ने मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में टीम कमांडर सुशील कुमार, इंस्पेक्टर बीएसएफ 94वीं वाहिनी बांदे और बीएसएफ बीडीएस टीम के मनोज कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।
