FBI की मोस्ट वांटेड सूची में गोल्डी बराड़ का नाम, गिरफ्तारी पर 8 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और कनाडा में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांटेड गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने शिकंजा कस दिया है। FBI ने उसे अपनी ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल किया है। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर यानी करीब 8 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम देने की घोषणा की है। गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के आपराधिक नेटवर्क का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख संचालक बताया गया है। FBI के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, अपहरण, रंगदारी, नशीले पदार्थों की तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। अमेरिकी एजेंसी गोल्डी बराड़ को आपराधिक साजिश, रंगदारी के जरिए कारोबार चलाने और ड्रग्स तस्करी से जुड़े मामलों में तलाश रही है। FBI के लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस के अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने उसे खतरनाक अपराधी बताते हुए कहा कि उसकी गिरफ्तारी एजेंसी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

अमेरिकी अभियोग पत्र के अनुसार, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के भरोसेमंद सहयोगियों में से एक रहा है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में रहते हुए मोबाइल फोन और इंटरनेट के माध्यम से आपराधिक गतिविधियां संचालित करता था। अलग-अलग देशों में इस नेटवर्क को चलाने की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ समेत उसके अन्य सहयोगियों को सौंपी गई थी। अभियोग पत्र में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में 18 जून 2023 को एक प्रमुख सिख धार्मिक और राजनीतिक शख्सियत की हत्या का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इस हत्या का आदेश लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने दिया था। हालांकि, ये जांच एजेंसियों के आरोप हैं और मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।