बीजापुर। जिले में VB-G RAM G (मनरेगा) योजना के तहत 74 हजार पौधे लगाने के नाम पर 16 करोड़ 73 लाख रुपये खर्च किए जाने को लेकर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। शनिवार को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद जमीन पर पौधे नहीं लगाए गए और आज एक भी पौधा जीवित नहीं है। उन्होंने इस पूरे काम को कागजी प्रक्रिया के जरिए पूरा दिखाने और जिला पंचायत में बड़े पैमाने पर अनियमितता होने का आरोप लगाया।
विधायक मंडावी ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के विपरीत बिना निविदा प्रक्रिया अपनाए आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्री से 74 हजार पौधे खरीदे गए, जबकि नियम के अनुसार स्थानीय शासकीय नर्सरी से पौधे खरीदने की व्यवस्था है। उनके मुताबिक, स्वीकृति आदेश में पौधों के स्रोत, उनकी वास्तविक कीमत और खरीद से जुड़ी जानकारी का उल्लेख नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्वीकृति के तहत बनाए गए एजेंसी और समूहों को न तो इसकी जानकारी दी गई और न ही पौधरोपण की प्रक्रिया में शामिल किया गया। मंडावी के अनुसार, प्रति पौधे पर करीब 2,839 रुपये का खर्च दिखाया गया, जिसमें ट्री गार्ड, वर्मी कम्पोस्ट, उर्वरक और दवाइयों का खर्च शामिल है, लेकिन पौधे की कीमत स्पष्ट नहीं की गई।
उन्होंने ट्री गार्ड, वर्मी कम्पोस्ट, यूरिया, सुपर फॉस्फेट, पोटाश और दवाइयों की दरें स्थानीय बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दर्शाने का आरोप भी लगाया। विधायक ने कहा कि भुगतान बिना जीएसटी बिल के किया गया और भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं हुआ। उनके अनुसार, निविदा जारी होने, समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित होने और निविदा में शामिल लोगों से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पौधरोपण स्थलों के भौतिक सत्यापन, भू-टैगिंग, फोटो साक्ष्य और तीसरे पक्ष की जांच का कोई प्रमाण सामने क्यों नहीं आया।
प्रेस वार्ता में मंडावी ने पूछा कि 74 हजार पौधे कहां से और किस दर पर खरीदे गए, 16 करोड़ 73 लाख रुपये किसके खाते में और किस मद में गए तथा पौधरोपण नहीं होने के बावजूद कार्य पूर्ण होने की रिपोर्ट किस अधिकारी ने दी। उन्होंने क्रय समिति, जिला पंचायत के अधिकारियों और आपूर्तिकर्ताओं के बीच संभावित संबंधों की भी जांच की मांग की। विधायक ने सरकार से पूरे मामले की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गबन की गई राशि की वसूली करने और जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पूरी फाइल, बिल, भुगतान आदेश और सत्यापन रिपोर्ट सार्वजनिक करने की बात कही।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीय उद्दे, ज्योति कुमार, राजेश जैन, पुरुषोत्तम सल्लूर, बेनहूर रावतिया, लक्ष्मण कड़ती, राजकुमार गुप्ता, नेहरू बघेल, वीरेंद्र ठाकुर, इदरीस खान, मरियम पोडियम, बाबू लाल राठी, ब्रहचारी नामपल्ली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
