NSA अजीत डोभाल को अमेरिकी कोर्ट ने समन भेजने का दिया आदेश, भारत ने दिया करारा जवाब

Follow Us

नई दिल्ली। खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर एक मामले में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजने के अमेरिकी अदालत के आदेश पर भारत ने सख्त रुख अपनाते हुए करारा पलटवार किया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस पूरे मामले को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह बेबुनियाद करार दिया है। इस मुद्दे पर जब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि मैंने पहले भी कहा है कि हम ऐसे बेबुनियाद केस को खारिज करते हैं।

दिल्ली की अदालतों के जरिए समन भेजने का दिया था आदेश, जानें क्या है पूरा मामला
दरअसल, अमेरिका के न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की एक जिला अदालत ने बीते 13 नवंबर को इस संबंध में एक आदेश जारी किया था। इस आदेश में कोर्ट ने न केवल एनएसए अजीत डोभाल, बल्कि पूर्व रॉ चीफ सामंत गोयल को भी समन भेजने की बात कही थी। अमेरिकी अदालत ने अपने क्लर्क को निर्देश दिया था कि अजीत डोभाल के लिए दिल्ली की पटियाला हाउस जिला अदालत और सामंत गोयल के लिए द्वारका व तीस हजारी कोर्ट के माध्यम से समन तथा उससे जुड़े दस्तावेज भेजे जाएं। यानी अमेरिकी कोर्ट ने दोनों वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों तक समन पहुंचाने के लिए दिल्ली की स्थानीय अदालतों के जरिए प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया था।

हेग कन्वेंशन का दिया हवाला, पहले भी खारिज हो चुकी है समन भेजने की कोशिश
अमेरिकी जिला अदालत की जज कैथरीन पोल्क फैला ने अपने आदेश में कहा है कि कोर्ट इस लंबित सिविल केस में प्रतिवादियों पर कानूनी प्रक्रिया की तामील कराने में भारतीय अदालतों की मदद के लिए सम्मानपूर्वक अनुरोध करती है। जज फैला ने हेग कन्वेंशन और भारतीय सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) का हवाला देते हुए कहा कि विदेशी अदालतें भारतीय कोर्ट के जरिए डोभाल और गोयल को समन भेज सकती हैं। इसके साथ ही अमेरिकी अदालत ने यह भी बताया कि इससे पहले हेग कन्वेंशन के तहत भारत की सेंट्रल अथॉरिटी के माध्यम से समन भेजने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली और उसे खारिज कर दिया गया था। अब विदेश मंत्रालय की इस सख्त प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया है कि भारत ऐसे किसी भी आधारहीन कानूनी दांवपेंच को कोई तवज्जो नहीं देता है।