फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना, मिलेगा बीमा का लाभ

Follow Us
  • टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत, बीमा कंपनी द्वारा 10 दिनों के भीतर कराया जाएगा सर्वेक्षण

रायपुर । चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से बेमेतरा जिले में हुई असामयिक वर्षा और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी खड़ी एवं कटाई के बाद खेतों तथा खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। साथ ही चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दें, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।

कृषि विभाग द्वारा जारी सलाह में बताया गया है कि चक्रवाती तूफान अकवान के कारण जिले में असामयिक वर्षा हुई है। इससे विशेष रूप से धान की कटाई कर चुके किसानों की चिंताएं बढ़ सकती हैं। खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल के बारिश में भीगने तथा अधिक नमी के कारण खराब होने की आशंका को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

फसल नुकसान की सूचना देने के लिए 72 घंटे की समय-सीमा महत्वपूर्ण

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति की सूचना निर्धारित समय-सीमा में देना अत्यंत आवश्यक है। जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा से नुकसान पहुंचा है, वे नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर इसकी सूचना दर्ज कराएं। समय पर सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा।

कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल, जिसे स्थानीय भाषा में करपा कहा जाता है, के लिए भी निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। यह प्रावधान फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों की अवधि तक लागू होता है।

पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी तत्काल दें जानकारी

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि चक्रवाती तूफान के कारण फसल को अधिक नुकसान होने की स्थिति में वे तत्काल राजस्व विभाग के संबंधित पटवारी तथा कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी इसकी जानकारी दें। इसके साथ ही प्रभावित किसान अपनी खड़ी अथवा कटाई के बाद खेतों में रखी फसल की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सुरक्षित रखें। इन तस्वीरों और वीडियो में फसल की वास्तविक स्थिति तथा नुकसान का स्पष्ट विवरण दिखाई देना चाहिए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर क्षति के आकलन में सहायता मिल सके।