रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) में डॉ. जितेंद्र ताम्रकार को महाप्रबंधक (जीएम) पद पर प्रतिनियुक्त किए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नियुक्ति को नियमों के विपरीत बताते हुए दवा खरीदी में अनियमितताओं, निजी अस्पताल संचालन के आरोपों और कथित कमीशनखोरी की आशंकाओं पर जांच की मांग की है।
दीपक बैज ने कहा कि विभागीय नियमों और राज्य सरकार के आदेशों में डॉक्टरों को प्रतिनियुक्ति पर नहीं भेजने का प्रावधान होने के बावजूद डॉ. ताम्रकार को सीजीएमएससी में प्रशासनिक पद पर कैसे नियुक्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित डॉक्टर निजी अस्पताल संचालन के मामले में विवादों में रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी चल रही थी। ऐसे में उन्हें दवा निगम की जिम्मेदारी सौंपना सवाल खड़े करता है।
बैज ने दवा निगम में ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाओं की खरीदी और कथित थैला पहुंच सेवा जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में दवा खरीदी को लेकर कई विवाद सामने आए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल में नियुक्तियों और कथित वसूली नेटवर्क को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा तथा बिलासपुर हाईकोर्ट की टिप्पणियों का हवाला दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दवा खरीदी और नियामक संस्थाओं में पारदर्शिता की कमी से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर जनता का भरोसा कमजोर हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर, किसान, आदिवासी, महिला और बुजुर्ग मरीजों पर पड़ता है। सरकारी अस्पतालों में दवाओं की गुणवत्ता और खरीदी प्रक्रिया संदिग्ध होने से मरीजों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने सरकार से डॉ. ताम्रकार की जीएम पद पर नियुक्ति से संबंधित आदेश, फाइल नोटिंग और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। बैज ने कहा कि विवादित नियुक्तियों और अनियमितताओं के आरोपों पर स्पष्ट जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है, क्योंकि सरकारी दवा और स्वास्थ्य व्यवस्था आम लोगों के जीवन से जुड़ा विषय है।
