कमिश्नर बस्तर ने बस्तर ओलम्पिक के संबंध में ली समीक्षा बैठक

Follow Us

कोंडागांव। बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोंडागांव के सर्किट हाउस में संभाग स्तरीय बस्तर ओलम्पिक की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आगामी संभाग स्तरीय बस्तर ओलम्पिक में जिले की ओर से शामिल होने वाले खिलाडिय़ों की संख्या एवं तैयारियों की जानकारी ली।
कमिश्नर ने निर्देशित किया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाडिय़ों को अभी से कोच एवं प्रशिक्षकों के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि वे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर पदक अर्जित कर सकें।

उन्होंने खिलाडिय़ों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाडिय़ों के लिए सुरक्षित परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यात्रा के दौरान पर आवश्यक भोजन, पेयजल और दैनिक उपयोग की सामग्री की व्यवस्था भी की जाए।

कमिश्नर ने प्रत्येक दल के साथ दल प्रभारी की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से महिला एवं बालिका खिलाडिय़ों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए महिला दल प्रभारी की अनिवार्य रूप से नियुक्ति करने को कहा। इसके अतिरिक्त खिलाडिय़ों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक दल के साथ जिले से स्वास्थ्य दल भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन पुसाम, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।