सुकमा में संवेदनशील प्रशासन की सराहनीय पहल

Follow Us

०6 वर्षीय बालक को मिला नया परिवार और वात्सल्य की छांव

सुकमा। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और बाल संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के चलते गुरुवार को एक 6 वर्षीय बालक के जीवन में खुशियों की नई सुबह आई। कलेक्टर अमित कुमार द्वारा प्रदान किए गए आदेश एवं जिला बाल कल्याण समिति सुकमा के निर्देशानुसार, फॉस्टर केयर (पालन-पोषण देखरेख) हेतु चिन्हित इस बालक का एक परिवार में सफलतापूर्वक प्लेसमेंट किया गया। कलेक्टर अमित कुमार ने इस अवसर पर बालक को अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उसके सुरक्षित, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 एवं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन करते हुए यह संपूर्ण वैधानिक प्रक्रिया संपन्न की गई। इस मानवीय कार्य में जिला बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई सुकमा तथा सी.ई.ए.सी. का विशेष समन्वय रहा। बाल कल्याण समिति सुकमा के अध्यक्ष गिरीश कुमार तथा सदस्य राधिका साहू, प्रमिला राव एवं गीता के आदेशानुसार बालक को पारिवारिक परिवेश सौंपने की यह औपचारिकता पूरी की गई।

योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जताया शोक

प्लेसमेंट के दौरान बालक के चेहरे पर नई उमंग और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। वहीं, बालक को अपनाने वाली पोषक माता ने भी वात्सल्य भाव के साथ उसके सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बालक को नए पारिवारिक जीवन की शुरुआत के लिए तथा पोषक माता को मातृत्व की इस सुखद अनुभूति के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में जिला बाल संरक्षण अधिकारी जितेंद्र सिंह बघेल, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत) मनीषा शर्मा, संभागीय अधिकारी (सी.ई.ए.सी.) रमेश कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन परामर्शदाता लखेश्वरी एवं समस्त चाइल्डलाइन स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। जिला प्रशासन की यह सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को संस्थागत देखरेख से निकालकर एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।